बलिया नपा के पूर्व अध्यक्ष हरे राम चौधरी का निधन, समाजवादी पार्टी ने जताया गहरा शोक
नगर पालिका परिषद बलिया के पूर्व अध्यक्ष एवं लोकबंधु सेनानी हरे राम चौधरी का निधन हो गया। उनके निधन से जिले के सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
समाजवादी पार्टी ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे जिले की अपूरणीय क्षति बताया। पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी ने कहा कि हरे राम चौधरी से उनका संबंध विद्यार्थी जीवन से था। आपातकाल के दौरान दोनों साथ जेल में भी रहे थे।
"राजनीतिक मतभेद होने के बावजूद हमारे आत्मीय एवं पारिवारिक संबंध हमेशा बने रहे। उनका निधन मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है।"
बलिया लोकसभा सांसद सनातन पांडेय ने उन्हें एक कुशल राजनीतिज्ञ, सरल स्वभाव के व्यक्ति तथा सभी वर्गों को साथ लेकर चलने वाला जननेता बताया। उन्होंने कहा कि संबंध निभाने की उनकी शैली सदैव याद रखी जाएगी।
समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष एवं प्रवक्ता सुशील पांडेय 'कान्हजी' ने बताया कि स्वर्गीय हरे राम चौधरी से उनके परिवार का वर्षों पुराना संबंध था। उन्होंने उनके व्यवहार को अत्यंत सरल, मधुर एवं आत्मीय बताया।
पूर्व अध्यक्ष शमशुल सिंह ने कहा कि स्वर्गीय हरे राम चौधरी राजनीति के साथ-साथ समाज के हर वर्ग के प्रति स्नेह रखने वाले व्यक्तित्व थे।
शोक व्यक्त करने वालों में डॉ. विश्वाम यादव, बीरबल राम, मदन राय, जियेंद्र यादव, शैलेश सिंह सहित समाजवादी पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल रहे। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
