भारतीय विदेश मंत्रालय की दो टूक, अपनी सीमा में ही रहे चीन, संप्रभुता से समझौता नहीं
भारतीय विदेश मंत्रालय ने चीन को साफ शब्दों में कहा है कि भारत जैसे अपनी सीमा के भीतर निर्माण कार्य करता है वैसे ही चीन भी अपनी सीमा के भीतर गतिविधियों का संचालन करे। भारत अपनी संप्रभुता की रक्षा करने में सक्षम है और इससे समझौता नहीं करेगा। विदेश मंत्रालय ने यह भी कहा कि बीते 15 जून की रात को चीन ने गलवन वैली में यथास्थिति को बदलने की कोशिश की। चीन की तरफ से सुनियोजित तरीके से कायराना हरकत की गई जिसे नाकाम करने में भारतीय जवान शहीद हुए।
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में अस्थायी सदस्य के तौर शामिल होने के मसले पर विदेश मंत्रालय ने कहा कि UNSC द्वारा आतंकवाद निरोधी कार्रवाई को बढ़ाना भारत की मुख्य प्राथमिकताओं में शामिल होगा। भारत आने वाले दिनों में UNSC में आतंकी संस्थाओं पर प्रतिबंध लगाने की प्रक्रिया को सुव्यवस्थित करने का प्रयास करेगा। विदेश मंत्रालय ने भी उम मीडिया रिपोर्टों को खारिज कर दिया जिसमें भारतीय जवानों के लापता होने की बात कही गई थी। मंत्रालय ने कहा कि भारत का कोई भी जवान गायब नहीं है।